दिल्ली से राहत की उम्मीद, देहरादून में भी गर्मी ने किया परेशान
दिल्ली की झुलसाने वाली गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग वीकेंड पर देहरादून और आसपास के इलाकों की ओर निकल पड़े, लेकिन यहां पहुंचकर भी उन्हें खास सुकून नहीं मिला। रविवार को दिल्ली का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था और देहरादून भी इस मामले में ज्यादा पीछे नहीं रहा। हालांकि यहां तापमान लगभग 40 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, लेकिन गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण तपिश दिल्ली जैसी ही महसूस हुई।
एक्सप्रेस वे खुलने के बाद दिल्ली-एनसीआर से देहरादून पहुंचना अब काफी आसान हो गया है। लोग ढाई से तीन घंटे में ही शहर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे पर्यटक क्षेत्रों में बाहरी लोगों की भीड़ बढ़ गई है। हर बार की तरह इस बार भी लोग ठंडी हवा और सुकून की तलाश में पहुंचे, लेकिन अप्रैल के अंतिम सप्ताह में ही देहरादून में मई-जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी।
पर्यटकों का कहना है कि वे दिल्ली की धूल और गर्मी से बचने आए थे, लेकिन यहां भी गर्म रातें और दिन की चिलचिलाती धूप परेशानी बढ़ा रही है। निर्माण स्थलों से उड़ती धूल ने भी मौसम को भारी बना दिया। दिन में लोग घरों में रहने लगे, हालांकि शाम होते ही राजपुर रोड पर हलचल बढ़ती दिखाई दी।
