हल्द्वानी में बढ़ी गर्मी, पहाड़ों में हल्की बारिश के आसार
हल्द्वानी में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक आने वाले 24 घंटों में बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम के शुष्क बने रहने के संकेत दिए गए हैं।
बृहस्पतिवार को हल्द्वानी में दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया और गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरे पर कपड़ा बांधकर, छाते का सहारा लेकर बाहर निकले। शहर का अधिकतम तापमान बढ़कर 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले भी तापमान 36 डिग्री के पार पहुंच चुका था।
हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 12.6 डिग्री सेल्सियस रह गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम 11.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमाचल की ओर है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश संभव है। अगले तीन-चार दिनों में मैदानी क्षेत्रों में तापमान और बढ़ सकता है।
