पर्यटन सीजन से पहले नैनीताल में सख्ती, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश
ग्रीष्म पर्यटन सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नैनीताल में व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने टैक्सी, नाव, घोड़ा संचालकों और होटल कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने, अवैध होमस्टे व रेहड़ी-फड़ों पर कड़ी कार्रवाई करने और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। साथ ही सभी पार्किंग स्थलों पर शौचालय, पेयजल और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में व्यापारियों और पर्यटन कारोबारियों ने अस्थाई पार्किंग स्थलों पर सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि शौचालय, पानी और प्रकाश की उचित व्यवस्था न होने से पर्यटकों को परेशानी होती है। इसके अलावा अवैध टैक्सी संचालन और फर्जी गाइडों की बढ़ती संख्या पर भी नाराजगी जताई गई।
बैठक में टोल टैक्स पर मैनुअल पर्ची व्यवस्था के कारण लगने वाले जाम को भी प्रमुख समस्या बताया गया। डीएम ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए टोल पर तत्काल फास्टैग लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध टैक्सियों पर कार्रवाई, सड़क किनारे पार्किंग पर रोक और शटल सेवा के किराए तय कर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
