रंगों के संग बढ़ेगी तपिश: उत्तराखंड में होली पर चढ़ेगा पारा

0
Ganga Prabha News

उत्तराखंड में इस वर्ष होली गर्म और शुष्क मौसम के बीच मनाई जाएगी। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मंगलवार को पूरे राज्य में मौसम साफ बना रहेगा और वर्षा की कोई संभावना नहीं है। तेज धूप के चलते राज्य के मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। खासतौर पर मैदानों में सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक तापमान दर्ज किया जा सकता है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का अहसास होगा।

सोमवार को भी प्रदेशभर में धूप का असर साफ दिखाई दिया। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग एक डिग्री ज्यादा 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों में भी कमोबेश ऐसे ही हालात रहे और दिन में तेज गर्मी महसूस की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि सात मार्च तक प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा। हालांकि, आठ मार्च को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है और मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *