गौलापार स्टेडियम में लीजेंड्स लीग पर संकट, अब हल्द्वानी में नहीं होंगे आगे के मैच
हल्द्वानी के गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में चल रही लीजेंड्स लीग क्रिकेट विवादों के कारण अधर में लटक गई है। स्टेडियम किराये के भुगतान को लेकर खेल विभाग और आयोजकों के बीच बढ़ते तनाव के बाद अब यहां आगे के मुकाबले आयोजित नहीं किए जाएंगे। खेल विभाग ने आयोजकों को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दे दी है।
टूर्नामेंट पहले 11 से 14 मार्च तक प्रस्तावित था, जिसे बाद में बढ़ाकर 28 मार्च तक कर दिया गया। हालांकि, भुगतान में देरी और अव्यवस्थाओं के कारण कई बार मैच समय पर शुरू नहीं हो सके। आयोजकों पर बाउंसर, कर्मचारियों और स्टाफ को भुगतान न करने के आरोप भी लगे हैं।
मंगलवार को विवाद इतना बढ़ गया कि विभाग ने मुख्य गेट बंद कर दिया और खिलाड़ियों की बसों को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया। इसके बाद विभाग ने बुधवार के मैचों को अनुमति देने से इनकार कर दिया।
खेल विभाग के अनुसार मंगलवार तक का किराया भुगतान मिल चुका है और 10 लाख रुपये की सुरक्षा राशि भी जमा है। वहीं, हाईमास्ट लाइटों के उपयोग का अतिरिक्त शुल्क और सफाई खर्च सुरक्षा राशि से काटा जाएगा। इस घटनाक्रम से दर्शकों और स्थानीय युवाओं में भारी निराशा है, जिनका भुगतान भी अब तक लंबित बताया जा रहा है।
