गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की राह तेज, खिलाड़ियों के सपनों को मिलेगा नया आसमान
उत्तराखंड में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय की दिशा में काम अब तेजी से आगे बढ़ता दिख रहा है। हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सोमवार को राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्थल निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने बताया कि इस संस्थान के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने का बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा। लंबे समय से संजोया गया यह सपना अब साकार होता नजर आ रहा है, जो राज्य के खेल ढांचे को नई मजबूती देगा। मंत्री के अनुसार, विश्वविद्यालय का अकादमिक ब्लॉक और प्रशासनिक भवन लगभग तैयार हो चुके हैं, और आगामी शैक्षणिक सत्र से यहां पढ़ाई शुरू करने की योजना है।
इसके साथ ही उन्होंने सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप के लिए चल रहे प्रशिक्षण शिविर का भी निरीक्षण किया। खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली और विश्वास जताया कि राज्य के खिलाड़ी आने वाली प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करेंगे।
