जमरानी बहुउद्देशीय बांध को मिली रफ्तार, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

0
Ganga Prabha News

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोला नदी पर प्रस्तावित जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों से कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली और सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी परियोजना क्षेत्र की एक लंबे समय से चली आ रही मांग है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वीकृति के बाद गति मिली। उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों को भी सिंचाई और पेयजल की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि परियोजना के अंतर्गत बन रही दो प्रमुख सुरंगों का निर्माण कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूरा हो चुका है। वहीं नदी के प्रवाह को मोड़ने के लिए बनाए जा रहे कॉफर डैम का कार्य भी तेजी से जारी है। योजना के अनुसार जून 2026 तक सुरंगों और अस्थायी बांध का निर्माण पूरा कर मानसून के दौरान नदी के पानी का डायवर्जन किया जाएगा। पूरी परियोजना को जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बहुउद्देशीय बांध से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए भविष्य में विद्युत उत्पादन की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *