वीकेंड पर बर्फबारी का खुमार: पहाड़ों की ओर उमड़ा सैलाब, हल्द्वानी-काठगोदाम में दिनभर रेंगता रहा ट्रैफिक

0
Ganga Prabha News

बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों से पहाड़ों की ओर जाने वाले सैलानियों का सिलसिला रविवार को भी थमता नजर नहीं आया। वीकेंड होने के कारण पर्यटकों की भारी आवाजाही का सीधा असर हल्द्वानी और काठगोदाम के यातायात पर पड़ा। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल जाने वाले यात्रियों की बड़ी संख्या देखी गई, वहीं काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भीड़ बढ़ी रही।

पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय वाहनों की संख्या बढ़ने से काठगोदाम तक कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। खासकर काठगोदाम रेलवे स्टेशन से मल्ला काठगोदाम चौकी तक वाहन बेहद धीमी गति से चलते दिखे। दो दिन पहले पहाड़ों की ओर गए पर्यटकों की वापसी भी रविवार को तेज हो गई, जिससे सड़कों पर दबाव और बढ़ गया। नरीमन तिराहे पर दिन में कई बार यातायात ठप होने जैसी स्थिति बनी, जबकि मल्ला काठगोदाम चौकी से रानीबाग तक वाहन रेंगते रहे। शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी हालात कुछ ऐसे ही रहे।

यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रोडवेज को नैनीताल के लिए अतिरिक्त बसें चलानी पड़ीं। हल्द्वानी से छह टेंपो ट्रेवलर और चार बड़ी बसें, जबकि काठगोदाम से आठ टेंपो ट्रेवलर और पांच बसें संचालित की गईं। इन बसों ने दिनभर में दो से तीन फेरे लगाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *