काठगोदाम-मुंबई रूट पर यात्रियों को बड़ी राहत, स्पेशल ट्रेन होगी नियमित
पूर्वोत्तर रेलवे ने काठगोदाम से मुंबई सेंट्रल के बीच चल रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही यह ट्रेन नए स्थायी नंबर 21907/08 के साथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में चलाई जाएगी। रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि किराये में करीब 30 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।
यह ट्रेन सीधे मार्ग से संचालित होती है, इसलिए लंबे समय से यात्रियों द्वारा इसे नियमित किए जाने की मांग की जा रही थी। नियमित संचालन शुरू होने के बाद यह सेवा अधिक सस्ती, सुविधाजनक और भरोसेमंद विकल्प के रूप में सामने आएगी।
फिलहाल काठगोदाम से मुंबई तक यात्रा करने पर स्लीपर श्रेणी में लगभग 430 रुपये, एसी थर्ड में 1120 रुपये और एसी सेकेंड में 1515 रुपये तक का खर्च आता है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, नियमित ट्रेन बनने पर किराये की श्रेणी में बदलाव से यात्रियों को राहत मिल सकती है।
पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि ट्रेन के नियमित संचालन की तारीख तय होने के बाद आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी।
