हल्द्वानी में गैस संकट गहराया, उपभोक्ता और कारोबारी दोनों परेशान
हल्द्वानी शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति अभी तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है, जिससे लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की स्थिति जानने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई लोगों ने शिकायत की कि बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिल रही है। प्रशासन का कहना है कि उपलब्धता के अनुसार वितरण किया जा रहा है, लेकिन करीब 30 हजार सिलेंडरों का बैकलॉग स्थिति को गंभीर बना रहा है।
विशेष रूप से हल्द्वानी इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से गैस से भरे वाहन नहीं पहुंचने के कारण समस्या और बढ़ गई है। हालांकि भारत गैस और एचपी की ओर से होम डिलीवरी जारी है। मंगलवार को पूरे जिले में लगभग पांच हजार सिलेंडरों का वितरण किया गया।
जीतपुर नेगी रामपुर रोड के निवासियों ने बताया कि 14 मार्च को बुकिंग कराने के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिली। इस संबंध में स्थानीय निवासी जगत सिंह कफलिया ने अधिकारियों को शिकायत भेजी है।
गैस की कमी का असर होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी साफ दिखाई दे रहा है। लगभग 300 होटल-रेस्टोरेंट और सैकड़ों ठेले संचालक गैस की कमी से जूझ रहे हैं। व्यापारियों ने कालाबाजारी के आरोप भी लगाए हैं और प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
