रुद्रपुर में गैस संकट ने बढ़ाई मुश्किलें, सिलिंडर के लिए घंटों कतार में खड़े उपभोक्ता
रुद्रपुर में एलपीजी सिलिंडर की कमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। काशीपुर बाईपास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर दो दिन बाद सिलिंडर की खेप पहुंची, जिसके बाद वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे हो गए कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और पीएसी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई लोग रात दो बजे से ही लाइन में लग गए थे और पूरे दिन अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब आम लोगों के घरों तक महसूस किया जा रहा है। कई परिवारों के पास गैस खत्म हो चुकी है, जिससे वे मजबूर होकर मिट्टी के चूल्हे का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले चार दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक सिलिंडर नहीं मिल पाया।
एजेंसी के बाहर बुजुर्ग भी लंबी कतार में खड़े नजर आए, क्योंकि उनके परिवार के सदस्य काम पर चले गए थे। वहीं महिलाओं की संख्या भी काफी अधिक रही। कई महिलाओं ने बताया कि गैस खत्म होने के कारण घर में एक समय ही भोजन बन पा रहा है। सुबह पांच बजे से लाइन में खड़ी रहने के बावजूद कई लोग शाम तक खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।
