हल्द्वानी में चैत्र नवरात्र की धूम, बाजारों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
Ganga Prabha News

हल्द्वानी में चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही हिंदू नववर्ष की शुरुआत हो गई है। 19 मार्च से 27 मार्च तक चलने वाले इस पावन पर्व में श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करेंगे। पर्व को लेकर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बुधवार सुबह से ही बाजारों में भारी भीड़ रही, जहां लोगों ने व्रत से जुड़ी सामग्री, फल, फूल, चुनरी और पूजन-सामग्री की जमकर खरीदारी की। मंगल पड़ाव, सदर बाजार और मुखानी जैसे क्षेत्रों में विशेष रौनक रही।

माता के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है। बेरीपड़ाव का अष्टभुजा लक्ष्मी मंदिर, रानीबाग का शीतला देवी मंदिर, कालीचौड़ मंदिर और रामलीला मोहल्ला स्थित प्राचीन देवी मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिरों में साफ-सफाई और सजावट का कार्य देर शाम तक जारी रहा।

ज्योतिषाचार्या डॉ. मंजू जोशी के अनुसार कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त गुरुवार सुबह 6:53 बजे से शुरू होगा। उन्होंने बताया कि ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर घर और पूजा स्थल की सफाई करने के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण करना चाहिए। इसके पश्चात मां दुर्गा को स्नान कराकर लाल वस्त्र और श्रृंगार अर्पित किए जाते हैं।

घटस्थापना के दौरान मिट्टी में सप्तधान्य बोकर उस पर जल से भरा कलश स्थापित किया जाता है। कलश पर आम के पत्ते और नारियल रखकर मां दुर्गा का आह्वान किया जाता है तथा दीप, धूप और नैवेद्य अर्पित किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *