सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी अब भी कम, आवेदनों में केवल 40% महिलाएं
प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए महिलाओं की भागीदारी अभी भी पुरुषों की तुलना में कम दिखाई दे रही है। लोक सेवा आयोग की वर्ष 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न विभागों में निकाली गई भर्तियों के लिए आए कुल आवेदनों में केवल 40 प्रतिशत महिलाएं थीं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत रही। यह रिपोर्ट विधानसभा में प्रस्तुत की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2025 में तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, राज्य निर्वाचन विभाग, उत्तराखंड सचिवालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, वन, राजस्व सहित कई विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इन भर्तियों के लिए आए आवेदनों में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की संख्या सबसे अधिक रही, जो लगभग 60 प्रतिशत थी। वहीं 18 प्रतिशत आवेदन अनुसूचित जाति वर्ग से प्राप्त हुए। हालांकि चयन प्रक्रिया में ईडब्ल्यूएस श्रेणी में महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी अपेक्षाकृत अधिक देखी गई।
पिछले 22 वर्षों में आयोग ने विभिन्न विभागों के 15,166 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की, जिनमें 31.94 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया। अंतिम रूप से 14,335 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। वर्ष 2024-25 में आयोग ने 31 विभागों में पदोन्नति से जुड़े मामलों पर भी कार्रवाई की और 452 पदों में से 341 पदों पर पदोन्नति की सिफारिश की, जबकि 12 विभागों के 116 मामले अभी लंबित हैं।
इसी अवधि में आयोग ने विभिन्न विभागों में कुल 2,808 अभ्यर्थियों का चयन किया, जिनमें प्रदेश के लगभग सभी जिलों के उम्मीदवार शामिल हैं।
