दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
दून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को भेजा गया था, जिसकी सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
प्रमेंद्र डोबाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के मद्देनज़र सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। पूरे परिसर को खाली कराकर चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई।
देहरादून जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि धमकी वाला मेल मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में विदेशी, खासकर पाकिस्तानी संगठन की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
इससे पहले हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और नैनीताल के न्यायालयों को भी ऐसी ही धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां सभी मामलों की गहन जांच कर रही हैं और इसे असामाजिक तत्वों की शरारत मानकर भी जांच के दायरे में रखा गया है। सुरक्षा व्यवस्था पूरे प्रदेश में कड़ी कर दी गई है।
