नयना देवी मंदिर परिसर का वीडियो वायरल, गलत प्रस्तुति पर मंदिर समिति ने मांगी कार्रवाई
नैनीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर परिसर में एक मुस्लिम परिवार के घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर परिवार को जूते-चप्पल पहने हुए मंदिर परिसर में चलते हुए दिखाया गया है, जबकि अन्य श्रद्धालु प्रवेश द्वार पर जूते उतारते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है और धार्मिक मर्यादाओं के उल्लंघन का आरोप लगाया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मां नयना देवी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर में प्रवेश सभी के लिए नियमों और परंपराओं के अनुरूप होना चाहिए। उनका कहना है कि मंदिर में किसी भी धर्म के व्यक्ति का आना प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन जूते-चप्पल पहनकर परिसर में घूमना उचित नहीं माना जा सकता।
वहीं, मंदिर समिति ने वीडियो को गलत संदर्भ में पेश किए जाने का आरोप लगाया है। समिति के अध्यक्ष राजीव लोचन शाह ने कहा कि हिंदू धर्म उदारता और समावेशिता का प्रतीक है तथा गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर कोई रोक नहीं है, बशर्ते वे नियमों का पालन करें। ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी सुरेश मेलकानी ने स्पष्ट किया कि संबंधित परिवार घूमते हुए गलती से बोट स्टैंड की ओर से मंदिर परिसर में आ गया था और सेवादारों ने उन्हें मार्गदर्शन दिया। मंदिर समिति ने इस वीडियो को भ्रामक तरीके से प्रसारित करने वालों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
