सामाजिक सादगी की पहल: महासू देवता मंदिर में ग्रामीणों ने तय किए सख्त नियम
खत शिलगांव के पंचरा-भंजरा क्षेत्र में स्थित महासू देवता मंदिर में हाल ही में एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा आयोजित की गई, जिसमें शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में बढ़ते अनावश्यक खर्च पर नियंत्रण लगाने को लेकर गंभीर मंथन हुआ। खत स्याणा तुलसी राम शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से सादगी को अपनाने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि भविष्य में विवाह से जुड़े सभी कार्यक्रम केवल गांव और घरों में ही आयोजित किए जाएंगे। महंगे होटल, पार्क, फार्म हाउस या अन्य बाहरी स्थानों पर विवाह समारोह करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में महिलाओं द्वारा अत्यधिक आभूषण पहनने पर भी रोक लगाने का फैसला किया गया। तय किया गया कि विवाह के अवसर पर महिलाएं अधिकतम तीन गहने ही धारण कर सकेंगी। इसके अलावा डीजे, फास्ट फूड और बीयर जैसे खर्चीले और दिखावटी प्रबंधों पर भी पाबंदी लगा दी गई है।
ग्रामीणों ने यह भी निर्धारित किया कि पहली शादी में न्यौते की राशि 100 रुपये से अधिक नहीं होगी, जबकि कन्यादान व्यक्ति अपनी इच्छा और क्षमता के अनुसार दे सकेगा। नियमों की अवहेलना करने पर एक लाख रुपये का जुर्माना और सामाजिक बहिष्कार जैसी कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
