नैनीताल विंटर कार्निवाल की शुरुआत, लोकसंस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा शहर
नैनीताल में मंगलवार को विंटर कार्निवाल का शुभारंभ मुख्य एवं सांस्कृतिक मंच पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व नगर में भव्य और रंगीन झांकी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ कुमाऊं अंचल से आए लोक कलाकारों ने भाग लिया। झांकी को क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने तल्लीताल डांठ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह झांकी मॉल रोड से गुजरते हुए खेल मैदान पहुंची, जहां लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का स्वागत किया।
झांकी में कुमाऊं की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। नई दिशा संस्था की ओर से लखिया भूत और बग्वाल की प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। मुनस्यारी से आई जौहार संस्कृति वेलफेयर सोसायटी ने जौहार क्षेत्र की परंपराओं को मंच पर उतारा, जबकि दारमा, चौदास और व्यांस घाटी मूल के कलाकारों ने रं संस्कृति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। तिब्बती सांस्कृतिक कार्यक्रम और पंजाब की गतका पार्टी के साहसिक करतब भी खास आकर्षण रहे। कुमाऊं रेजिमेंट और सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के बैंड ने देशभक्ति की धुनों से माहौल को जोश से भर दिया। नैनी झील में यॉट और रोइंग बोट गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
बुधवार को स्टार नाइट में इंदर आर्या, गिरीश बर्गली, किशन महिपाल, लोकगायक पवनदीप राजन और बॉलीवुड गायक बी प्राक प्रस्तुति देंगे। खेल मैदान में लगे कुमाऊंनी व्यंजनों, स्थानीय उत्पादों, होममेड चॉकलेट, हस्तनिर्मित आभूषण और पेंटिंग के स्टॉल भी लोगों को खूब पसंद आए। विधायक सरिता आर्या ने कहा कि विंटर कार्निवाल पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।
